प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगामी 12 अगस्त को लद्दाख क्षेत्र के दौरे संबंधी कार्यक्रम फाइनल हो गया है। मोदी लेह के पोलो ग्राउंड और कारगिल स्टेडियम में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान लेह में प्रधानमंत्री पोलो ग्राउंड में श्रीनगर-लेह ट्रांसमिशन की आधारशिला रखने के अलावा रिमोट कंट्रोल से एनएचपीसी की नीमो बाजमो जल विद्युत परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके बाद कारगिल स्टेडियम में मोदी जनसभा को संबोधित करने से पूर्व एनएचपीसी द्वारा निर्मित चुतक जल विद्युत परियोजना भी राष्ट्र को समर्मित करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर एनएसजी और एसपीजी ने रविवार को लेह और कारगिल में मोर्चा संभाल लिया। मोदी का विशेष विमान 12 अगस्त को नई दिल्ली से टेक आफ और लेह एयरपोर्ट पर सुबह 9.45 पर लैंड करेगा।
इसके बाद प्रधानमंत्री वाहन के जरिये लेह पोलो ग्राउंड में दस बजे पहुंचेंगे, जहां पर एक घंटे के कार्यक्रम में मोदी जनसभा को संबोधित करने से पूर्व पावर प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने के अलावा लेह-श्रीनगर ट्रांसमिशन लाइन का शिलान्यास करेंगे।
11.05 बजे प्रधानमंत्री लेह एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। जहां से 15 मिनट के भीतर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री वायुसेना के हरक्यूलेस सी-130 विमान से कारगिल हवाई पट्टी पर 12 बजे दोपहर में पहुंचेंगे। कारिगल हवाई पट्टी से वाहन के जरिये कारगिल स्टेडियम में पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करने से पूर्व चुतक पावर प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
डेढ़ बजे प्रधानमंत्री कारगिल स्टेडियम से कारगिल में हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। जहां से 1:50 बजे सी-130 विमान से प्रधानमंत्री 2.30 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। जहां से प्रधानमंत्री विशेष विमान से नई दिल्ली चार बजे पहुंच जाएंगे।