जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट ने पुलिस की सिट सेे लापता वकील की तलाश के लिए ताजा कारवाई रिपोर्ट तलब की है। हाईकोर्ट ने रोजाना रिपोर्ट पेश करने और पुलिस को सभी आधुनिक तरीकों का उपयोग करके रमण वजीर की तलाश करने के आदेश दिए।
न्यायाधीश ताशी रबसटन की अदालत ने सिट ने रिपोर्ट पेश की और इस मामले को हल करने के लिए कुछ और समय दिए जाने की मांग की। कोर्ट में बताया गया कि आईपैड, मोबाइल हिस्ट्री, हिस्ट्री शीटर, गुंडा तत्व आदि पर भी निगरानी रखी है। फेस बुक, वाट्सएप पर भी वकील की फोटो जारी की गई है।
नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो से भी संपर्क साधा गया है। सभी जगह रमण वजीर की फोटो को भेजा गया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिनव शर्मा, प्रणव कोहली और सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल एसएस नंदा की दलीलों के बाद कोर्ट में बंद कमरे में सिट के सदस्यों के बयान लिए। सिट का नेतृत्व कर रहे एसपी साउथ शहजाद सलारिया ने जांच की पूरी रिपोर्ट कोर्ट में पेश की।
कोर्ट ने पाया कि मामला काफी गंभीर है। इस मामले की रिपोर्ट आफिशियल चैंबर में ली जा सकती है। सिट ने कुछ और समय की मांग की है। उसे तीन दिन का समय दिया जा रहा है। इस बीच, रोजाना रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी।
सोमवार को ताजा रिपोर्ट पेश करने के भी आदेश दिए। वहीं, वकीलों ने रमण वजीर के लापता होने पर वीरवार को भी कामकाज ठप रखा। अदालतोें में कामकाज प्रभावित रहा और वकील तारीख पर नहीं गए।