पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के राजनीतिक सलाहकार रहे अमिताभ मट्टू ने ट्वीट किया है कि पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती चार अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। हालांकि, गठबंधन के दोनों दलों पीडीपी और भाजपा की ओर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता डॉ. निर्मल सिंह से जब इस बाबत पूछा गया तो उनका कहना था कि अगले सप्ताह तक सरकार का गठन हो जाएगा। चार अप्रैल को शपथ लेने के सवाल पर कहा कि अभी अंतिम रूप से तय नहीं है लेकिन चार को भी शपथ हो सकती है।
भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सांसद जुगल किशोर शर्मा ने बताया कि अभी शपथ ग्रहण की तिथि तय नहीं है, लेकिन अगले एक-दो दिन में सब कुछ तय हो जाएगा। भाजपा के एक पूर्व मंत्री ने चार को शपथ ग्रहण समारोह की तिथि होने की बात कही है।
भाजपा आज तय कर सकती है मंत्रियों के नाम
पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार अमिताभ मट्टू
- फोटो : फाइल
अमिताभ मट्टू ने अपने दो वाक्यों के ट्वीट में कहा है कि महबूबा मुफ्ती साहिबा चार अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। कामना करता हूं कि उनके कार्यकाल में शांति और खुशहाली के नए युग की शुरूआत हो।
Mehbooba Mufti Sahiba to be sworn in asCM of J&K on 4th April. May her government usher a new era of peace and prosperity in the region,
— Amitabh Mattoo (@amitabhmattoo) March 31, 2016
सूत्रों का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह में कुछ केंद्रीय नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव शुक्रवार की शाम जम्मू पहुंचे। वे यहां पार्टी के नेताओं, विधायकों के साथ बैठक कर सरकार गठन के मुद्दे पर बात करेंगे। इस बैठक में ही मंत्रियों के नाम पर औपचारिक मुहर लगने की संभावना है।
सूत्रों का कहना है कि मंत्रियों के नाम में कुछ फेरबदल भी संभव है, हालांकि ज्यादातर पुराने चेहरे ही होंगे। सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल से मिलने गए पीडीपी तथा भाजपा के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल के दौरान भी चार अप्रैल को शपथ ग्रहण की महबूबा मुफ्ती ने इच्छा जताई थी।