शादी को यादगार बनाने के लिए दी गई काकटेल पार्टी में युवकों द्वारा चलाई गई गोली से एक वेटर झल्लोचक्क निवासी कुलदीप जख्मी हो गया। वेटर को गोली लगते ही वहां अफरातफरी मच गई।
लोगों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उसे जीएमसी से अमृतसर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उक्त पार्टी छन्नी हिम्मत थाना क्षेत्र में आयोजित की गई थी।
इसमें खुशी से उत्साहित पंजाब से आए युवकों ने फायर कर दिया, जिससे वेटर जख्मी हो गया। बताया जा रहा है पार्टी के दौरान युवकों ने तीन फायर किए।
तीसरी बार गोली काकटेल पार्टी में काम कर रहे वेटर कुलदीप को जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ गिर गया। फायर की आवाज सुनकर अन्य रिश्तेदार भी मौके पर जमा हो गए।
उन्होंने कुलदीप को अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से उसे अमृतसर ले जाया गया। एसएचओ छन्नी हैदर अली ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
अभी तक एफआईआर में नाम नहीं जोड़े गए हैं, लेकिन आरोपियों का पता चल जाएगा। पुलिस ने जिस घर में विवाह समारोह था, उस परिवार के लोगों को थाने में बुलाया और गोली चलाने वाले युवक के संबंध में पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम जल्दी ही पंजाब का रुख कर सकती है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही मामले का सही पता चलेगा।