प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली को देखते हुए मंगलवार को जम्मू और आसपास के इलाकों में शिक्षा विभाग की तरफ से कई सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखा गया। जानकारी के अभाव में कई विद्यार्थी स्कूलों में पहुंच गए थे। कालेजों की परीक्षा को भी स्थगित करना पड़ा।
नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर पुलिस की तरफ से सोमवार को शहर के कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इन रास्तों पर जो भी स्कूल पड़ते थे, उन स्कूलों में शिक्षा विभाग की तरफ से छुट्टी घोषित कर दी गई थी।
अखनूर रोड पर ज्यादातर निजी स्कूल थे, जो कि बंद रखे थे। इसके अलावा वाहनों की आवाजाही बंद रहने के कारण दोमाना, मुठ्ठी इलाकों में स्थित स्कूलों में भी छुट्टी दी गई थी। जो स्कूल खुले हुए थे, उनके विद्यार्थियों को छुट्टी के बाद घर तक पहुंचना मुश्किल हो गया।
इसका कारण था दोपहर के बाद पुलिस की तरफ से राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया। जब विद्यार्थी छुट्टी होने पर यात्री वाहनों पर सवार होकर घरों की तरफ लौट रहे थे कि पुलिस ने इनके वाहनों को राजमार्ग की तरफ बढ़ने नहीं दिया। मोदी के काफिले के गुजरने के बाद ही यह विद्यार्थी अपने घर तक पहुंच सके।