जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के करमाड़ा क्षेत्र में रविवार को तड़के सेना के जवानों ने एलओसी की फेंसिंग काट रहे एक युवक को गोली मारकर उसे पकड़ लिया। जवानों ने संदिग्ध युवक को फेंसिंग से छेड़छाड़ करते देखा तो उसे ललकारा, लेकिन हरकत नहीं होने पर उसके पैर और बाजू में गोली मारकर काबू किया।
घायल युवक को इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। डिप्टी एसपी मोहनलाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक शौकत हुसैन (23) मंडी तहसील के बायला गांव का रहने वाला है।
सेना का कहना है कि युवक नियंत्रण रेखा पर लगी फेंसिंग को काट रहा था। उसने तीन लाइटों के तार भी काट दिए थे। जवानों द्वारा ललकारने पर भी वह फेंसिंग काटता रहा। इसके बाद उसके पैरों में गोली मारकर उसे पकड़ लिया गया।