बाड़ी ब्राह्मणा। गांव बस्सी खुर्द में बाबा प्रागण नाथ के आंगन में तीन साल बाद मेेले का आयोजन किया जाएगा और थापा बिरादरी द्वारा अपनी मेल भी बड़ी धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। गांव बस्सी खुर्द में ऐतिहासिक मेला 13 और 14 जुलाई को मनाया जाएगा। बाबा प्रागण नाथ कमेटी के चेयरमैन हेमराज ने बताया कि 13 और 14 जुलाई को बाबा प्रागण नाथ के मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें 13 तारीख को थापा बिरादरी की मेल भी इसी धार्मिक स्थल पर मनाई जाएगी और 14 जुलाई को दंगल का आयोजन भी किया जाएगा।
इसमें बड़ी माली के विजेता को नगद पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना की वजह से 3 साल तक बाबा प्रागण नाथ का दंगल और मेला नहीं हो पाया था। महज औपचारिकता के तौर पर बाबा प्रागण नाथ के आंगन में कंजक पूजन किया जाता था, लेकिन इस बार काफी धूमधाम से मेले और दंगल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 13 तारीख को थापा बिरादरी के लोग बाबा प्रागण नाथ के आंगन में माथा टेक कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और वहीं उनकी तरफ से विशाल लंगर का आयोजन भी किया जाता है। थापा बिरादरी की मेल में राज्य के बाहर से भी लोग अपने बाबा के दरबार पर माथा टेकने के लिए आते हैं और उनके खाने-पीने और रहने का बंदोबस्त भी विशेष तौर पर किया जाता है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को सभी रस्मों के साथ बाबा का दंगल करवाया जाएगा। इसमें नामी पहलवानों को भी बुलाया जाएगा। मेला और दंगल को सकुशल संपन्न कराने के लिए सोमवार को दोनों समुदाय के लोगों के बीच में पुलिस द्वारा बातचीत की जाएगी, ताकि 13 और 14 जुलाई को होने वाले मेले का दंगल का आयोजन में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। इस मौके पर पंचायत पल्ली के नायब सरपंच और बस्सी खुर्द के पंच बनारसी दास ने बताया कि सभी के सहयोग के साथ इस मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा।