देश में सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए अधिसूचना वीरवार को जारी की गई। इस चरण में जम्मू-कश्मीर की जम्मू संसदीय सीट समेत 13 राज्यों की 89 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में नामांकन भरने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है। जबकि, मतदान 26 अप्रैल को होगा।
जम्मू संसदीय सीट के लिए नामांकन जम्मू उपायुक्त कार्यालय में किया जाएगा।अधिसूचना के साथ ही नामांकन भी शुरू हो गया है। इसके लिए जिला निवार्चन कार्यालय में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रैंक के एक अफसर की निगरानी में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
प्रत्याशी के साथ चार लोग जा सकेंगे अंदर
नामांकन के लिए प्रत्याशी अपने साथ चार लोगों को लेकर आ सकेंगे। जबकि प्रत्याशी के तीन वाहनों को कार्यालय के भीतर आने की अनुमति होगी। रैली की अनुमति मंजूर रैली स्थल पर ही होगा।
गुज्जर नगर से जाने वाले रोटरी से आगे नहीं जाएंगे
एडीसी जम्मू शेर सिंह ने बताया कि जो प्रत्याशी रेजिडेंसी रोड से नामांकन भरने आएगा। उनके साथ आने वाले तमाम लोगों को डीसी कार्यालय के बाहर ही रोका जाएगा और यहीं से उनको रोटरी की तरफ मोड़ दिया जाएगा। जहां से वो गुज्जर नगर वाली साइड से जाएंगे। इसके अलावा अगर कोई गुज्जर नगर की तरफ से आता है तो उसे डीसी कार्यालय के बाहर रोटरी पर ही रोक दिया जाएगा। यहीं से उनको वापस भी जाना होगा। सिर्फ नामांकन के लिए इसी तरह की पाबंदियां हैं। सामान्य यातायात पर किसी तरह की पाबंदी नहीं रहेगी।
शहर में सुरक्षा चाक चौबंद
शहर में सुरक्षा को लेकर तमाम पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। जरूरी जगहों पर सुरक्षाबलों की पर्याप्त तैनाती है। डीसी कार्यालय की सुरक्षा भी पुख्ता की गई है।
-विनोद कुमार,एसएसपी, जम्मू