जम्मू। जम्मू संभाग में संक्रमित मामलों में गिरावट से आगामी व्यापारियों को पाबंदियों को राहत मिल सकती है। चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू ने उच्चाधिकारियों के समक्ष पाबंदियों को घटाने की मांग की है। इसमें रविवार को जारी होने वाली नई निर्देशावली में पाबंदियों में छूट दी जा सकती है। इस बीच शनिवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में सप्ताहांत पाबंदियां लागू रहीं। इस दौरान गैर जरूरी प्रतिष्ठानों को बंद रखने के साथ अनावश्यक आवाजाही पर रोक रही।
चैंबर की काल पर प्रदेश के अधिकांश बाजार बंद रहे। हालांकि कुछ जिलों में स्थानीय प्रशासन की सहमति से पाबंदियों के दिन में बदलाव किया गया है। जम्मू में जरूरी प्रतिष्ठानों को छोड़कर सभी बाजार बंद रखे गए। इस दौरान यात्री वाहन भी गिने चुने लगे। बाजार बंद होने के कारण आम वाहनों की आवाजाही भी काफी कम रही। लोग जरूरी खरीदारी के लिए ही बाहर निकले। जम्मू शहर के रघुनाथ बाजार, सिटी चौक, पुरानी मंडी, राज तिलक रोड, लिंक रोड, जैन बाजार, चौक चबूतरा, पक्का डंगा, मोती बाजार, परेड, कच्ची छावनी, शालामार, ज्यूल चौक, शास्त्रीनगर, गांधीनगर, तालाब तिल्लो, जानीपुर , छन्नी आदि बाजारों में गैर जरूरी प्रतिष्ठान बंद रखे गए। पाबंदियों के कारण कई जरूरी प्रतिष्ठान वालों ने भी स्वैच्छिक तौर पर बंद रखा। रविवार को भी बाजारों को बंद रखा जाएगा। रविवार को पुराने शहर में व्यापक स्तर पर संडे मार्केट में हजारों लोगों की भीड़ पहुंचती है। इस बीच प्रदेश की सबसे बड़ी अनाज मंडी वेयर हाउस और प्रमुख कनक मंडी को भी बंद रखा गया। जिससे सोमवार को बाजार खुलने पर भारी भीड़ पहुंचने की उम्मीद है।