जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश सरकार को इस साल 2 करोड़ से अधिक के रिकॉर्ड तोड़ने वाले पर्यटकों की उम्मीद है। घाटी के सेमपोरा में एक समारोह के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि पिछले साल रिकॉर्ड संख्या में 1.88 करोड़ पर्यटकों ने जम्मू-कश्मीर का दौरा किया था।
विज्ञापन
उन्होंने कहा, 'हम अपना ही रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं क्योंकि हमें इस साल दो करोड़ से ज्यादा पर्यटकों के आने की उम्मीद है।' उन्होंने कहा कि पिछले साल कई बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग जम्मू-कश्मीर में हुई थी और इस साल प्रशासन अपना रिकॉर्ड तोड़ देगा क्योंकि अधिक फिल्मों की शूटिंग की जाएगी।
इससे पहले एलजी सिन्हा मिल्ली ट्रस्ट के मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के शिलान्यास समारोह में शामिल हुए। उन्होंने ट्रस्ट की प्रशंसा करते हुए कहा कि अब यहां 150 से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं से निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।