चिनैनी: दिनदहाड़े छत पर आराम करता दिखा तेंदुआ
उधर, उधमपुर के चिनैनी कस्बे में एक बार फिर से रविवार को तेंदुआ देखने की सूचना के बाद वन्य जीव विभाग सतर्क हो गया है। उन्होंने पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के साथ तहसील कार्यालय के पास सर्च भी किया। साथ ही पटाखे भी चलाए, ताकि कहीं तेंदुआ आसपास छिपा हो तो पटाखे की आवाज सुनकर वह बाहर निकले और उसे बेहोश किया जा सके।
रविवार की सुबह कस्बे के गीता भवन में पंडित पूजा-अर्चना कर रहे थे। उन्होंने खिड़की से नजर मारी तो देखा तेंदुआ कि एक छत्त पर आराम फरमा रहा है। तेंदुए की नजर कुछ लोगों पर पड़ी तो वहां से भागा और तहसील कार्यालय के निकट झाड़ियों में छिप गया। पंडितों ने इसकी जानकारी कस्बे के नगरपालिका प्रधान को दी। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी वन्य जीव विभाग तक पहुंचाई, जिसके बाद विभाग और पुलिस टीम तहसील कार्यालय के पास पहुंचे और वहां पर पटाखे चलाए। मगर तेंदुआ बाहर नहीं आया।
लोगों ने कहा कि तेंदुआ दिनदहाड़े कस्बे में दस्तक दे सकता है तो किसी पर भी हमला कर सकता है। उन्होंने मांग की है कि कस्बे में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए। गौरतलब है कि बीते दिनों भी कस्बे के वार्ड-7 में तेंदुआ देखा गया था।