सीईसी डॉ. जाफर ने मंत्री को लद्दाख में समग्र बिजली परिदृश्य के बारे में जानकारी दी। साथ ही हाइड्रो, सौर और पवन ऊर्जा के माध्यम से नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में कारगिल जिले की विशाल क्षमता के बारे में अवगत कराया।
एलएएचडीसी कारगिल के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी पार्षद (सीईसी) डॉ. मोहम्मद जाफर अखून ने नई दिल्ली में विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह से मुलाकात की। नई दिल्ली में विद्युत मंत्रालय और एनएचपीसी के शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति में विद्युत मंत्री के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान कारगिल जिले में बिजली क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा और विचार-विमर्श हुआ।
विज्ञापन
सीईसी डॉ. जाफर ने मंत्री को लद्दाख में समग्र बिजली परिदृश्य के बारे में जानकारी दी। साथ ही हाइड्रो, सौर और पवन ऊर्जा के माध्यम से नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में कारगिल जिले की विशाल क्षमता के बारे में अवगत कराया, जिसमें कम कार्बन पदचिह्न होने से कार्बन न्यूट्रल लद्दाख का सपना साकार हो रहा है।
सीईसी ने कारगिल में पांच अलग-अलग जलविद्युत परियोजनाओं पर काम फिर से शुरू करने का भी अनुरोध किया, जिन्हें पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य के दौरान मंजूरी दी गई थी। इनमें कारगिल-हुंडरमैन (24 मेगावाट) संगराह-मंगदुम (24 मेगावाट) तमचा-जांस्कर (19 मेगावाट) द्रास स्टेज-1 (20 मेगावाट) और सांकू (20 मेगावाट) परियोजनाएं शामिल है।
विज्ञापन
सीईसी ने मंत्रालय द्वारा उचित विचार के लिए कारगिल जिले में अन्य नवीकरणीय ऊर्जा पहल का प्रस्ताव रखा। मंत्री ने उत्साहजनक प्रतिक्रिया दी और सीईसी डॉ. जाफर द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
सीईसी ने बिजली मंत्रालय और एनएचपीसी के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक अलग बैठक भी की।
बैठक के दौरान संयुक्त सचिव (हाइड्रो) मोहम्मद अफजल, उप निदेशक (एनएचपीसी), पंकज कुमार सांगवान, निदेशक तकनीकी एनएचपीसी, आर के चौधरी और कार्यकारी निदेशक (एस एंड बीडी), रजत गुप्ता सहित बिजली मंत्रालय और एनएचपीसी के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।