- 15 दिवसीय जम्मू जिला हॉकी लीग टूर्नामेंट शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। 15 दिवसीय जम्मू जिला हॉकी लीग टूर्नामेंट शुक्रवार को केके हक्कू एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में शुरू हुआ। उद्घाटन मुकाबला खेलो इंडिया हॉकी सेंटर जम्मू और सहारा वॉरियर हॉकी क्लब के बीच खेला गया, जिसमें खेलो इंडिया हॉकी सेंटर जम्मू ने 14-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। अंजू कुमारी को वुमेन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल परिषद के सदस्य राजीव शर्मा और मंडल खेल अधिकारी बलजिंदर सिंह ने किया। प्रतियोगिता का आयोजन जम्मू-कश्मीर खेल परिषद की ओर से माई यूथ माई प्राइड पहल के तहत किया जा रहा है। लीग का आयोजन दो चरणों में किया जा रहा है। 10 मई से 13 मई तक पहले चरण के मुकाबले होंगे, जबकि 22 मई से 25 मई तक दूसरे चरण के मुकाबले खेले जाएंगे। लीग में महिलाओं की तीन टीमें और पुरुषों की नौ टीमें शामिल हैं। मैच का संचालन साहिल कुमार और तनीशप्रीत सिंह ने किया। तकनीकी अधिकारी सोनिया, निर्णायक गार्गी और तरणदीप सिंह और तकनीकी प्रतिनिधि सक्षम शर्मा मैच की निगरानी कर रहे थे। उद्घाटन समारोह केके हक्कू स्टेडियम के प्रबंधक अजय गुप्ता, हॉकी कोच जगजीत सिंह, दलविंदर सिंह और केआईसी हॉकी कोच अंजलि ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शनिवार को सहारा वॉरियर का मुकाबला केके हॉकी क्लब से होगा।