धर्मनगरी सहित भवन में रविवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे। इससे जहां तापमान में कुछ गिरावट आई है वहीं, दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। इस बीच भक्तों में मां वैष्णो के दर्शन के लिए काफी उत्साह दिखाई दिया। शाम छह बजे तक करीब 31500 भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। उधर, हेलिकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सेवा सुचारु रही।
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण से पहले वीकेंड पर श्रद्धालुओं की संख्या का काफी इजाफा देखने को मिला है। इस कारण मुख्य बाजार सहित हर चौक चौराहे पर श्रद्धालु आवागमन करते दिखाई दिए और धर्मनगरी सहित यात्रा मार्ग और त्रिकुटा भवन मां वैष्णो के जयकारों से गूंजता रहा।
पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी अनुसार शनिवार को 39600 भक्तों ने मां की प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष हाजिरी लगाई थी। इसी प्रकार रविवार को शाम छह बजे तक 31500 भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। हल्की बारिश के बाद हवाएं नहीं चलने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा जारी रही। श्रद्धालु पैदल, पिट्ठू, पालकी और घोड़ों के माध्यम से भवन की रवाना होते रहे। पूरी धर्मनगरी मां के जयकारों से गूंज रही है।