कटड़ा तक ट्रेनों का परिचालन शुरू होने से एसआरटीसी का धंधा मंदा पड़ने लगा है। वैष्णो देवी के आधार शिविर तक बस से जाने वाले भक्तों के रुझान में पिछले छह दिनों में जबरदस्त कमी आई है। इसके चलते एसआरटीसी का राजस्व घटकर 65 फीसदी तक रह गया है।
जानकारी के मुताबिक चार जुलाई से पहले तक यहां पर रोजाना का राजस्व लगभग पचास से पचपन हजार तक आता था। चार जुलाई को चालीस हजार के करीब राजस्व आया था, जिस दिन ट्रेन का उद्घाटन हुआ था। पांच जुलाई को 24 हजार रुपये के करीब राजस्व आया था।
छह जुलाई को करीब 19 हजार, सात जुलाई को 8 हजार रुपये, आठ जुलाई को 11 हजार एवं 9 जुलाई को 24 हजार के करीब राजस्व आ सका। सुबह पांच बजे से शाम सात बजे तक जम्मू रेलवे स्टेशन परिसर से कटडा के लिए चलने वाली एसआरटीसी की छोटी-बड़ी बसों का किराया 86, 70 और 54 रुपये निर्धारित हैं।