कानपुर सेंट्रल स्टेशन से चली नई ट्रेन कानपुर-जम्मू एक्सप्रेस (14155) बुधवार को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। पहले दिन स्टेशन पर प्लेटफार्म खाली न होने से दोपहर 12:10 बजे पहुंचने वाली यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन पर 12:55 मिनट पर पहुंची।
कानपुर के लिए भी यह ट्रेन बुधवार की शाम निर्धारित समय 5:30 बजे (14156) रवाना हुई। नई ट्रेन के परिचालन का लेकर यात्रियों में खासा उत्साह है। उनका कहना था कि आगामी अमरनाथ यात्रा के साथ वैष्णो देवी यात्रा और राज्य के अन्य पर्यटक स्थलों तक पहुंचने के लिए उनका सफर और सरल हो गया है। स्टेशन मैनेजर रेलवे जम्मू तवी अश्विनी कुमार का कहना है कि नई ट्रेनों को निर्धारित समय पर चलाया जा रहा है।
नई ट्रेन में एसी थ्री टियर की सभी सीटें आगामी बीस जून तक पैक हैं। ट्रेन के साथ एसी थ्री टियर के अलावा एसी टू टियर, स्लीपर और जनरल कोच लगाए गए थे। इसे गत मंगलवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन से शाम 5:15 बजे जम्मू के लिए रवाना किया गया था।