Jobs in Jammu Kashmir : वन विभाग में डेढ़ साल से अटकी 523 पदों पर भर्ती परीक्षा सितंबर से होगी शुरू
Sun, 14 Jul 2024 11:40 AM IST
kumar गुलशन कुमार
Jobs in Jammu Kashmir : वन विभाग में डेढ़ साल से अटकी 523 पदों पर भर्ती परीक्षा सितंबर से होगी शुरू
सार
वन विभाग में फॉरेस्ट, इंस्पेक्टर, फील्ड असिस्टेंट, वाइल्ड लाइफ गार्ड, एफपीएफ गार्ड और सोशल फॉरेस्ट्री वर्कर के पदों पर पहले शारीरिक परीक्षा होगी। कश्मीर संभाग के उम्मीदवारों के लिए शारीरिक परीक्षा सितंबर के पहले सप्ताह में होगी, जबकि जम्मू संभाग के उम्मीदवारों की शारीरिक परीक्षा सितंबर के दूसरे सप्ताह से होगी।
जम्मू-कश्मीर वन विभाग में 523 पदों पर डेढ़ साल से भी ज्यादा समय से अटकी भर्ती परीक्षा अब सितंबर से शुरू होने जा रही है। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने इन पदों पर भर्ती को लेकर ओएमआर आधिरत लिखित व शारीरिक परीक्षा शुरू करने की अस्थायी तिथि जारी की है। इससे परीक्षा के इंतजार में बैठे लाखों उम्मीदवारों ने राहत की सांस ली है।
विज्ञापन
वन विभाग में फॉरेस्ट, इंस्पेक्टर, फील्ड असिस्टेंट, वाइल्ड लाइफ गार्ड, एफपीएफ गार्ड और सोशल फॉरेस्ट्री वर्कर के पदों पर पहले शारीरिक परीक्षा होगी। कश्मीर संभाग के उम्मीदवारों के लिए शारीरिक परीक्षा सितंबर के पहले सप्ताह में होगी, जबकि जम्मू संभाग के उम्मीदवारों की शारीरिक परीक्षा सितंबर के दूसरे सप्ताह से होगी।
जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने वन विभाग में 523 पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए अधिसूचना 27 जुलाई 2022 को जारी की थी। इसके बाद अगस्त 14 से सितंबर 14 तक आवेदन मांगे गए थे। वन विभाग के 523 पदों में इंस्पेक्टर के 60 पद, वन रक्षक के 92 पद, कनिष्ठ सहायक के 35 पद, फॉरेस्टर के 250 पद और चालक के पद शामिल हैं।
विज्ञापन
इन पदों को अधिसूचित करने के बाद अधिसूचित पदों पर जेकेएसएसबी ने भर्ती परीक्षा करवा ली, लेकिन वन विभाग के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू तक नहीं कर पाया था। अब लिखित व शारीरिक परीक्षा की अस्थायी तिथियां जारी की गई हैं, जिससे उम्मीदवारों ने राहत की सांस ली है।
परीक्षार्थी अजय कुमार ने कहा कि लंबे समय से परीक्षा होने का इंतजार कर रहे थे। अब केंद्रित होकर परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। वन विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर भर्ती परीक्षा की अस्थायी तिथि 25 अगस्त रखी गई है।
शारीरिक परीक्षा के लिए ये योग्यता अनिवार्य
पुरुष की ऊंचाई 163 सेंटीमीटर, महिलाओं की 150 सेंटीमीटर, चार घंटों में पुरुष के लिए 25 किलोमीटर वॉक जबकि महिलाओं के लिए 16 किलोमीटर, मेडिकल अधिकारी से शारीरिक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र होना चाहिए।