बिजली उपभोक्ताओं को पवित्र नवरात्र के दिनों में भी बिजली कटौती से राहत मिलने वाली नहीं है। आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर जारी कार्य और दरियाओं में जल स्तर गिरने से पन बिजली उत्पादन में लगातार गिरावट से बिजली की अघोषित कटौती की समस्या जस की तस बनी रहने वाली है।
रविवार को शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। शास्त्री नगर, संजय नगर और नानक नगर के कई सेक्टरों में सुबह सात बजे गुल हुई बिजली दोपहर एक बजे के बाद ही बहाल हुई।
नवरात्र के दिनों में आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर कार्य के चलते 15 से 21 अक्तूबर तक रोजाना सुबह नौ से दोपहर बारह बजे तक और दोपहर दो से सायं पांच बजे तक पीरखो, पक्की डक्की, जुल्लाका मोहल्ला, हरि मोहल्ला, लोअर गुज्जर नगर, डीसी आफिस, अंबफला और कर्ण नगर में बिजली की आपूर्ति प्रभावित रहा करेगी।
हालांकि सरकारी छुट्टियों के दिनों में यह कट नहीं होगा। पावर डेवलपमेंट कारपोरेशन जम्मू कश्मीर के अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रियासत की मुख्य बगलिहार परियोजना में बिजली उत्पादन में लगातार गिरावट आ रही है। चिनाब दरिया में जल स्तर कम होने के चलते बिजली उत्पादन गिरता चला जा रहा है।
केंद्रीय प्रायोजित सलाल परियोजना में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। बिजली उत्पादन की स्थिति को देखते हुए ऐसा लग रहा हैं कि आने वाले सर्दी के मौसम में भी बिजली कटौती से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।