जम्मू शहर को लोग स्वच्छ रखने में योगदान दें, पॉलिथीन बैग का प्रयोग न करें। घरों से कपड़े के थैलों में सामान बाजारों से लें। जम्मू नगर निगम के अभियान को सफल बनाएं। यह बातें मेयर राजिंदर शर्मा ने रणबीर नहर के पास वैसाखी मेले की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने पॉलिथीन को प्रतिबंधित कर दिया है।
मेयर ने पार्क से बेस्ट प्राइज मॉल तक रणबीर नहर का निरीक्षण किया। मेले के दौरान नहर और इसके किनारों को साफ रखने के निर्देश दिए। घाटों पर विशेष साफ-सफाई और वहां जमा मिट्टी-गाद को हटाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रत्येक घाट पर कूड़ा उठाने वाले ऑटो के साथ कूड़ेदान रखेगा। इस दौरान सफाई साथी भी वहां मौजूद रहेंगे, जबकि वैसाखी मेले में जनता की सुविधा के लिए टैंकरों से पीने के पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मेयर ने मेले में आने वाले लोगों से पॉली बैग से बचने और साफ-सफाई बनाए रखने, नहर में डुबकी लगाने के लिए पानी में प्रवेश करते समय सभी सावधानियां बरतने की अपील की।
उन्होंने सभी जम्मूवासियों को वैसाखी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए नगर निगम दिन-रात काम कर रहा है। पिछले नवरात्र में साख विसर्जन के दौरान सहयोग के लिए जनता की सराहना की और कहा कि जनता के सहयोग से हर बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण के मुख्य अभियंता से वैसाखी वाले दिन रणबीर नहर में उचित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और जलस्तर बनाए रखने को कहा।