संघर्ष विराम की आड़ में पाकिस्तान एलओसी के नजदीक आतंकियों की बड़ी फौज खड़ी कर रहा है। पाकिस्तान के कब्जे वाले पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) के सरहदी इलाकों के गांवों में आतंकियों की पाठशाला चल रही है। पाकिस्तानी सेना आतंकियों को घुसपैठ के लिए तैयार कर रही है। यह साजिश पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की है।
पिछले 2 महीने से एलओसी पार से बढ़ी घुसपैठ की कोशिशें
केस 1
5 अगस्त : राजोरी के दरहाल में घुसपैठ कर पहुंचे आतंकियों ने सेना के कैंप पर हमला किया। उड़ी जैसा हमला करने का प्रयास था, जिसे विफल कर दिया गया। दो आतंकियों को मारा गिराया गया।
केस 2
21 अगस्त को नौशेरा सेक्टर में फिदायीन हमला करने आए आतंकी को सेना ने पकड़ा था। आतंकी तबारक ने बताया कि उसे पाकिस्तानी सेना ने फिदायीन हमला करने के लिए भेजा था। उसे पास के ही एक गांव में प्रशिक्षण दिया गया था। हालांकि बाद में आतंकी की मौत हो गई।
केस 3
23 अगस्त को नौशेरा सेक्टर में घुसपैठ का प्रयास किया गया, लेकिन आतंकी सेना द्वारा लगाए लैंडमाइन में फंस गए और इसमें तीन आतंकी मारे गए।
केस 4
24 अगस्त को कश्मीर के उड़ी सेक्टर में घुसपैठ कर रहे 3 आतंकियों को सेना ने ढेर कर दिया था।
केस 5
6 सितंबर को जम्मू के अरनिया सेक्टर में आतंकियों ने घुसपैठ का प्रयास किया, लेकिन बीएसएफ के सतर्क जवानों की जवाबी कार्रवाई में इन आतंकियों को भागने के लिए मजबूर होना पड़ा।