जम्मू-कश्मीर में पांच दिन से लगातार खराब मौसम के बाद राहत मिली है। बारिश और बर्फबारी से राहत मिलने के बाद हाईवे पर यातायात को बहाल कर दिया गया। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सबसे ठंडा गुलमर्ग रहा। यहां का पार माइनस 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
रामबन के पंथियाल और मारोग क्षेत्र में सड़क से भूस्खलन से गिरे मलबे को हटाने के बाद सोमवार तीसरे दिन जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह से बहाल कर दिया गया। इससे दोनों तरफ से फंसे सैकड़ों यात्रियों को राहत मिली है। रामबन के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने के कारण हाईवे को बंद करना पड़ा है।
विज्ञापन
इस बीच प्रदेश के मौसम में सुधार हुआ है, लेकिन पहले हुई बर्फबारी ने पर्वतीय इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। कश्मीर घाटी कड़ाके की ठंड में कांप रही है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सबसे ठंडा रहा। तीन फुट से ज्यादा बर्फ की चादर बिछने से गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। एसएसपी ट्रैफिक राष्ट्रीय राजमार्ग शब्बीर अहमद मलिक ने बताया कि हाईवे पर विभिन्न स्थानों पर 50 वाहन फंसे हुए थे, जिन्हें हाईवे बहाल होते ही रवाना कर दिया गया। सोमवार सुबह 11 बजे से श्रीनगर से जम्मू के लिए वाहन भेजे गए।
विज्ञापन
जम्मू में सोमवार को हल्के बादलों के छाने के साथ दिन का तापमान 19.7 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 1.8, बटोत में माइनस 0.8, कटड़ा में 7.6 और भद्रवाह में माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गुलमर्ग में माइनस 10 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, वहीं राजधानी श्रीनगर में 0.2, पहलगाम में माइनस 2.6, लद्दाख के लेह माइनस 9.5 डिग्री व कारगिल में माइनस 7.0 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया।