जम्मू में सोमवार को रहबर-ए-खेल, रहबर-ए-जंगलात और रहबर-ए-जीरात के कर्मचारियों ने भाजपा कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में तीनों विभागों के कर्मचारी एकत्रित हुए और केंद्र शासित प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जारी विज्ञापन को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से उन पदों के लिए फिर विज्ञापन देने के फैसले को रद्द करने की मांग की जिनपर वे तैनात हैं। सरकार ने शुक्रवार को सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से रहबर-ए-खेल, रहबर-ए-जीरात और रहबर-ए-जंगलात पदों के लिए दोबारा विज्ञापन दिया था। इसमें इन पदों पर पहले से काम कर रहे लोगों को अतिरिक्त तरजीह और आयु में छूट दी जाएगी।