भाजपा मुख्यालय जम्मू में पत्रकारों को संबोधित करते पार्टी प्रवक्ता अरुण गुप्ता व अन्य।
जम्मू। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता अरुण गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को केवल एक क्षेत्र के बजाय पूरे जम्मू कश्मीर का निष्पक्ष प्रतिनिधित्व करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कांफ्रेंस की मानसिकता अभी भी 2014 से पहले के दौर जैसी ही है, जो केवल एक क्षेत्र के बारे में चर्चा और बात करती है।
लेकिन, इन 10 सालों में बहुत कुछ बदल गया है और अब समय आ गया है कि नेशनल कांफ्रेंस के नेता भी अपनी मानसिकता बदलें। उन्होंने जम्मू-कश्मीर शासन मॉडल के बारे में उदाहरण साझा करते हुए कहा कि उन्हें अब केएएस से जेकेएएस, केपीएस से जेकेपीएस अपनाना चाहिए, लेकिन अभी भी उनके संबोधन में केएएस/केपी का ही नाम लिखा हुआ है।
मुख्यमंत्री जम्मू क्षेत्र में आईआईटी/आईआईएम और अन्य संस्थानों की अनदेखी न करें। जम्मू क्षेत्र के मंत्री जम्मू के हितों का प्रतिनिधित्व करें। इस दौरान पार्टी मुख्यालय जम्मू में प्रवक्ता डॉ. ताहिर चौधरी, बलबीर राम रतन तथा मीडिया सचिव डॉ. प्रदीप महोत्रा मौजूद रहे।