जम्मू। क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू में पहले और पांचवें सेमेस्टर में असफल छात्रों की दोबारा परीक्षा करवाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल जारी है।
शनिवार को हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें 40 फीसदी पाठ्यक्रम की तैयारी के लिए कहा गया था। लेकिन ऑफलाइन हुई परीक्षा के बाद इसके मूल्यांकन में अन्याय हुआ है, जो छात्र पास थे, उन्हें दो या चार नंबर के अंतर से फेल किया गया है।
रजत शर्मा, शिव बाबा, मानिक शर्मा, साहिल शर्मा ने वीसी पर अनदेखी का आरोप लगाया है। कहा कि उनका साल बर्बाद किया जा रहा है, जल्द दोबारा ऑनलाइन परीक्षाएं करवाई जाएं। शुक्रवार को भूख हड़ताल पर बैठे दो छात्रों की तबीयत खराब हुई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी कि जब तक ऑनलाइन परीक्षाएं करवाने की अधिसूचना जारी नहीं होगी तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। उनका कहना है कि मंडलायुक्त ने 40 फीसदी पाठ्यक्रम के साथ दिसंबर में परीक्षा देने की बात कही है, जो उन्हें मंजूर नहीं है। कहा कि जिस तरह कॉलेजों में सीटें बढ़ाई गई हैं, उसी तरह दोबारा परीक्षा भी करवाई जाए।
-------
बैठक में फैसला लिया गया है कि निर्धारित समय पर छात्रों की परीक्षाएं करवाई जाएंगी। समय से पहले कुछ नहीं होगा। विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार ही काम होगा। छात्रों ने भी यह स्वीकार किया है।
- प्रो. बेचन लाल, वीसी, क्लस्टर विवि जम्मू