जम्मू। जानीपुर में एक इमारत के परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिलने पर हड़कंप मच गया। इस इमारत में जेएंडके बैंक की शाखा, एटीएम ओर ईजीडे क्लब भी है। सुबह का समय होने के कारण काफी संख्या में लोग मौजूद थे। अफरा-तफरी के बीच जहां लोगों ने बचने की कोशिश की वहीं पुलिस को सूचित किया गया। भारी पुलिस, सीआरटी (क्राइम रिस्पांस टीम) और डॉग स्क्वॉयड ने मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया। बैंक शाखा सहित आसपास के इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। भारी पुलिस बल को देखते हुए लोग काफी भयभीत रहे। बाद में मॉक ड्रिल की जानकारी मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर लोगों से अफवाहों से बचने और संदिग्ध वस्तु व व्यक्ति दिखने पर तुरंत सूचित करने की अपील की।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे तीन मंजिला इमारत परिसर में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना जेके बैंक प्रबंधक को मोबाइल पर दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति संभाली। पुलिस ने स्टॉफ और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को कहा। पुलिस के वाहन भी पहुंच गए और बैंक के अंदर गए व लॉकर के आसपास के इलाके को भी खंगाला गया। इस दौरान बैंक के बाहर लोगों का तांता लग गया। जानीपुर बाजार से तमाम दुकानदार बाहर खड़े रहे और यातायात भी जाम रहा। करीब एक से डेढ़ बजे तक टीम बाहर आई और मॉक ड्रिल की जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। एसएसपी चंदन कोहली ने स्पष्ट किया कि मॉक ड्रिल थी, जिसका उद्देश्य सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करना था। उन्होंने लोगों से आफवाहों से बचने और संदिग्ध वस्तुु व व्यक्ति देखे जाने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है।