जम्मू शहर में बुधवार को मौसम साफ रहा। इससे पहले मंगलवार को कई जिलों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ठंड ने दस्तक दे दी। पुंछ जिले और घाटी के शोपियां से जोड़ने वाले मुगल रोड और पीर पंजाल के साथ पर्यटन स्थल गुलमर्ग के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। जिला कठुआ की बनी तहसील के नुकनाली, कैलाश कुंड क्षेत्र में एक फुट तक सीजन की पहला हिमपात हुआ। जम्मू समेत संभाग के अन्य जिलों में भी बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा की त्रिकुटा पहाड़ियों पर धुंध छाए रहने से मंगलवार को कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा दिनभर ठप रही। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार को जम्मू और कश्मीर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
कहां कितनी बारिश
राजोरी में बारिश के साथ कई इलाकों में पड़े ओले
राजोरी शहर व जिले के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मंगलवार दोपहर बाद बारिश से ठंड बढ़ गई है। मंगलवार दोपहर बाद करीब चार बजे से रुक रुककर बारिश होती रही। जिले के पहाड़ी इलाके बुद्धल, कंडी, थन्नामंडी, दरहाल, मंजकोट, कालाकोट आदि में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। पीर पंचाल के पहाड़ों पर भी ओले गिरे हैं। इससे लोगों ने गर्म कपड़े और आग का सहारा लेना शुरू कर दिया है।