जम्मू-कश्मीर के पलांवाला सेक्टर में सोमवार सुबह से चल रही मुठभेड़ मंगलवार को समाप्त हुई। इस मुठभेड़ में सेना और पुलिस ने मिलकर तीन आतंकवादियों को मार गिराया। यह आतंकवादी शिव आसन मंदिर में छिपे हुए थे।
सोमवार सुबह लगभग सात बजे शुरू हुई मुठभेड़ जो एलओसी पर पलांवाला सेक्टर के बटल क्षेत्र में आतंकवादियों और भारतीय सेना के बीच चल रही थी, आज 27 घंटे बाद समाप्त हो गई। इस मुठभेड़ में सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया है, जिसकी पुष्टि एसएसपी जम्मू ने बटल में मीडिया से बातचीत में की।
विज्ञापन
मुठभेड़ के दौरान अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के सदस्यों ने घटना स्थल से सौ मीटर की दूरी पर पाकिस्तान का झंडा जलाकर पाकिस्तान के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया। उन्होंने भारतीय सेना और पुलिस जिंदाबाद तथा पाकिस्तान मुरादाबाद के नारे लगाए। एसएसपी ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान केवल सेना की पैरा शाखा के एक डाग पंटम ने शहादत पाई है। इसके अलावा किसी भी सिविलियन पुलिस या सेना के जवान को कोई नुकसान नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस सफल ऑपरेशन के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की है। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने की बात कही है।