लंबे इंतजार के बाद आखिरकार जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने भर्ती परीक्षाओं को शुरू करने का फैसला किया है। दिवाली से ठीक छह दिनों के बाद भर्ती परीक्षा लेने की तैयारी की है। जेकेएसएसबी ने भर्ती परीक्षा के लिए संभावित तिथि भी जारी की है। हालांकि भर्ती परीक्षा सीबीटी या ओएमआर पर होगी, परीक्षा एप्टेक या कोई अन्य भर्ती एजेंसी लेगी, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और अभ्यार्थियों में भी असंजम बना हुआ है।
जेकेएसएसबी ने लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर (सिविल) यूटी कैडर के पद पर भर्ती परीक्षा आयोजित करने के लिए एडवांस नोटिस जारी किया है। एडवांस नोटिस जारी करने के बाद भी अभ्यर्थी जेकेएसएसबी से सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर प्रश्न पूछ रहे हैं, लेकिन जेकेएसएसबी द्वारा स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। अमर उजाला ने इस संबंध में जेकेएसएसबी के परीक्षा नियंत्रक रियाज अहमद मलिक को फोन और मैसेज किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर सिविल के पद भरने के लिए 2022 में अधिसूचना जारी हुई थी। एक साल बाद जेकेएसएसबी इन पदों पर भर्ती करवाने की तैयारी कर रहा है। वहीं दिसंबर से पंचायत सचिव की भर्ती परीक्षा करवाने की भी तैयारी चल रही है।