अनंतनाग में गाड़ी में हुआ जोरदार धमाका, आठ श्रमिक झुलसे
उधर, बुधवार सुबह कश्मीर घाटी के अनंतनाग जिले के लारकीपोरा में एक गाड़ी में धमाका हुआ। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे में आठ श्रमिक घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, अनंतनाग के लारकीपोरा इलाके में बुधवार को वाहन के अंदर एक रहस्यमय विस्फोट हो गया। विस्फोट आज सुबह एक स्थानीय बाजार के पास हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सकते में आ गए। तभी लोगों ने एक गाड़ी से धुएं को उड़ते हुए देखा। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
पुलिस और लोगों ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और अन्य वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घायलों को उपचार चल रहा है। सभी घायल प्रवासी श्रमिक हैं। विस्फोट की प्रकृति की जांच के लिए पुलिस की टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि अनंतनाग में लोड कैरियर वाहन में सवार होकर श्रमिक अपने काम पर जा रहे थे। उनके साथ सीमेंट मिक्सर सेटलिंग वाइब्रेशन मशीन, पोर्टेबल जनरेटर और तेल के टिन के डिब्बे भी थे। रास्ते में अचानक धमाका हो गया। इसके चलते आठ लोग घायल हो गए। सभी की हालत स्थिर है। इसमें किसी तरह का आतंकी एंगल नहीं देखा गया है। आगामी जांच की जा रही है।