बिश्नाह। क्षेत्र के गांव चक चिमना में शनिवार रात को चोरों ने खेतों में लगा पानी के पंपसेट चोरी हो गए। इससे किसानों में आक्रोश है। पीड़ित किसान पवन कुमार पुत्र रतनलाल, किसान मस्तराम पुत्र शंकर दास और किसान बाबूराम पुत्र धनीराम निवासी चक चिमना ने बताया कि शनिवार रात को खेत से पंपसेट चोरी कर लिया।
किसान दर्शन लाल पुत्र बलिराम की पंपसेट के तार चोरी कर लिए। किसान बाबू राम ने बताया कि उनके खेत से दूसरी बार पंप सेट चोरी किया गया है। चोरी की वारदात से मायूस किसानों ने बताया कि फसल लगाना अब महंगा हो चुका है। महंगे खाद बीज के कारण किसानों की लागत पूरी नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि मुश्किल से बचत करके खेतों में पानी का पंप सेट लगवाया था। इस चोरी के कारण अब धान की फसल लगाने पर संकट पैदा हो गया है। अब फसल लगाने के लिए बीज खरीदें या फिर पंप सेट?
स्थानीय किसान एवं समाज सेवक अनिल कुमार ने कहा कि चोरों पुलिस प्रशासन का बिल्कुल भी डर नहीं रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए पंपसेट बरामद कर क्षेत्र पुलिस की गश्त को बढ़ाने की मांग की है। बिश्नाह पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।