सांबा के चक मंगा में नाले का उद्घाटन करते विधायक सुरजीत सिंह
विवाद के चलते दो साल तक रुका रहा काम, अब बरसात में घरों में पानी घुसने की समस्या खत्म होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। चक मंगा में 2.05 करोड़ की लागत से नाला बनने के बाद अब जलभराव से राहत मिलेगी। जिले के वार्ड 13 चक मंगा इलाके में लंबे समय से यह समस्या बनी हुई थी। विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया ने रविवार को नाले का उद्घाटन किया। करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस नाले के बनने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
लोगों के अनुसार हर बरसात में पानी घरों में घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता था। पिछले साल भारी बारिश के कारण दर्जनों लोगों को सामुदायिक भवन में शरण लेनी पड़ी। इलाके के लोग लंबे समय से नाले के निर्माण की मांग कर रहे थे।
पिछले दो वर्षों के दौरान कुछ स्थानीय विवादों के चलते निर्माण कार्य बाधित रहा। इससे समस्या और गंभीर हो गई थी। बाद में प्रशासन और विधायक के हस्तक्षेप से विवाद का समाधान करवाने के बाद निर्माण कार्य पूरा किया गया। उद्घाटन के मौके पर विधायक ने कहा कि नाले के निर्माण से अब जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और लोगों को पलायन स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अन्य कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।