एनसीसी के दीक्षांत समारोह में कैडेट को प्रमाण पत्र देते हुए - लेह कालेज
लेह। राजकीय डिग्री कॉलेज कारगिल में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का दूसरा दीक्षांत समारोह शनिवार को उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। दीक्षांत समारोह के साथ ही कारगिल जिले के भावी जमा दो के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष परामर्श सत्र का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य एनसीसी में शामिल होने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा देना था।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी के सहायक प्रो. स्टैनज़िन लहाडोल ने किया। एसोसिएट एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. मुर्तजा अली ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज के लिए अतिरिक्त एनसीसी रिक्तियों को भरने का अनुरोध करते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा। द्वितीय लद्दाख बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल स्वीयर सेठ ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस कार्यक्रम में 40 एनसीसी कैडेट और 30 ब्रिज कोर्स के छात्रों ने सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ। ब्यूरो