आरएस पुरा। पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर संभाग को सुधारने का दावा करने वाली भाजपा सरकार देश को एक और विभाजन की ओर लेकर जा रही है। जिन्ना ने पाकिस्तान बनवाया, अब भाजपा धर्म के आधार पर बांट रही है। आरएस पुरा में पूर्व राज्य मंत्री भूषण लाल डोगरा की अध्यक्षता में आयोजित जनसभा में महबूबा ने कहा कि आरएस पुरा ने एक बार मुफ्ती मोहम्मद सईद को जिताया था और कश्मीर से कश्मीरी पंडित जीतकर आते थे। प्रदेश में चार वर्ष से भाजपा पिछले दरवाजे से सरकार चला रही है। इन चार वर्षों के दौरान भाजपा ने कश्मीर के साथ-साथ जम्मू संभाग को भी बर्बादी के मुहाने पर खड़ा कर दिया है।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भाजपा आपसी भाईचारे को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। लोगों को एक दूसरे से धर्म के नाम पर दूर किया जा रहा है। भाजपा ने अपने वोट बैंक के लिए लोगों के बीच नफरत का बीज बोया।