जम्मू। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण प्लस के तहत जम्मू संभाग में 42 हजार आवासों के निर्माण को मंजूरी दी जाएगी। इस योजना के तहत लाभार्थियों को पक्का घर बनाने के लिए एक लाख तीस हजार की राशि मुहैया करवाई जाएगी।
ग्रामीण विकास विभाग जम्मू के निदेशक मुमताज अली का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण प्लस के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 42 हजार पक्के आवास बनाने का लक्ष्य लेकर पंजीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। 31 मार्च 2022 से पहले लाथार्थियों को योजना के तहत पहली किश्त का भुगतान किया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की तरफ से एक लाख तीस हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। होम लोन की ब्याज दरों पर भी सब्सिडी मिलती है। खास बात यह है कि इस स्कीम का फायदा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिसंबर महीने में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को मार्च 2024 तक जारी रखने की मंजूरी प्रदान की थी। इसके तहत पंजीकरण का काम जारी है।