जम्मू। जम्मू-कश्मीर के अल्पाइन स्कीइर खिलाड़ी और शीतकालीन ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले आरिफ खान ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। रजभवन में हुई मुलाकात में खान ने उप-राज्यपाल को अपनी तैयारी से अवगत करवाया। उत्तरी कश्मीर के टंगमर्ग से रहने वाले आरिफ खान 4 से 20 फरवरी के बीच चीन में होने वाली शीतकालीन ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दो अलग-अलग स्पर्धाओं के लिए क्वालीफाई करने वाले आरिफ खान देश के पहले खिलाड़ी हैं। मुलाकात के दौरान उपराज्यपाल ने आरिफ खान को शीतकालीन ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूरे देश के लिए यह गर्व का पल है। प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। मंच मिलने पर हमारे युवा अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर अपनी प्रतिभा को दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एलजी प्रशासन प्रदेश के खिलाड़ियों को हर सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कई फैसले भी ले रहा है। प्रदेश में विश्व स्तरीय खेल ढांचे को तैयार किया जा रहा है ताकि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में उपयोग किया जाए। बता दें कि आरिफ खान इससे पहले वर्ल्ड चैंपियनशिप में चार बार और गुलमर्ग में हुई खेलों इंडिया विंटर गेम्स में भाग ले चुके हैं। इस दौरान आरिफ खान के साथ उनके उपदेशक जुलफकार अहमद खान मौजूद रहे।