जम्मू बस स्टेशन पर लोगों की भीड़।
- फोटो : निखिल मेहता
पंजाब में किसानों के प्रदर्शन के चलते रेल यातायात लगातार सांतवे दिन भी प्रभावित रहा। इससे पहले शनिवार को भी जम्मू-कटड़ा-उधमपुर के लिए किसी भी ट्रेन का परिचालन नहीं हुआ। जम्मू और कटड़ा के लिए आने वाली ट्रेनों को नई दिल्ली, बठिंडा, लुधियाना रेलवे स्टेशनों तक ही चलाया गया।
लगातार छठे दिन ट्रेनें रद्द रहने से जम्मू रेलवे स्टेशन पर अब सन्नाटा छाने लगा है और बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। ट्रेनों के रद्द रहने से जेकेआरटीसी प्रबंधन ने अंतरराज्यीय रूट पर चलने वाली बसों की संख्या में बढ़ोतरी की है। प्रबंधन ने 40 अतिरिक्त बसें चलाई हैं, ताकि जम्मू में फंसे यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
शनिवार को भी जम्मू से दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब चंडीगढ़ के लिए बसें चलाई गईं। जम्मू से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए जेकेआरटीसी ने तीन बसें चलाई हैं। शनिवार को झेलम, स्वराज एक्सप्रेस, कोलकत्ता-जम्मूतवी एक्सप्रेस, जम्मूतवी-जैसलमेर शालीमार एक्सप्रेस, जम्मूतवी-कानपुर एक्सप्रेस, जम्मूतवी-वाराणसी एक्सप्रेस, श्री शक्ति एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, उत्तर संपर्क क्रांति आदि ट्रेनें रद्द रहीं।