जम्मू। 50वीं सीनियर वुमन नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए दो दिवसीय ट्रायल 28 सितंबर से शुरू होंगे। जम्मू-कश्मीर हैंडबॉल एसोसिएशन की ओर से ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। ट्रायल में सफल होने वाले खिलाड़ी 17 से 21 अक्तूबर के बीच होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेंगे, जो हरियाणा के सिरसा में होगी।
जम्मू शहर के शास्त्री नगर प्लेफील्ड में ट्रॉयल कैंप लगेगा, जिसमें जम्मू संभाग के उधमपुर, जम्मू, पुंछ, राजोरी सहित कश्मीर संभाग के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी के चेयरमैन डॉ. एसएम बाली ने कहा कि दो दिवसीय ट्रायल में राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा। ट्रायल जम्मू में होगा। जिलों से आने वाले खिलाड़ियों को संबंधित जिला यूनिट भेजेगी। कैंप के लिए चयन होने के बाद हैंडबाल एसोसिएशन खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं मुहैया करवाएगी। दो दिवसीय कैंप प्रतिदिन शाम 4:30 बजे शास्त्री नगर ग्रीन फील्ड में लगेगा। उन्होंने कहा कि सभी जिला यूनिटों को अपने जिले से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को कैंप में भेजने के लिए कहा गया है।