जम्मू। मुख्य सचिव अरुण कुमार मेहता ने सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में मेगा विकास परियोजनाओं पर चल रहे कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए 75 पर्यटन स्थलों के तीव्र विकास के निर्देश जारी किए।
मेहता ने कठुआ, डोडा, अनंतनाग, बारामूला में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेजों में ढांचागत कार्यों के अलावा स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट जम्मू का कार्य दिसंबर 2021 तक पूरा करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल बख्शीनगर, एम्स अवंतीपोरा का कार्य भी तेजी से किए जाने के निर्देश दिए।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मुख्य सचिव को बताया गया कि गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज सफापोरा का निर्माण कार्य अक्तूबर 2021, आईआईटी जम्मू का निर्माण कार्य अप्रैल 2023 और आईआईएम जम्मू का निर्माण कार्य अक्तूबर 2022 को पूरा होगा। पर्यटन क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने मुबारकमंडी हेरिटेज सोसायटी को एक
साल में संरक्षण, मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य पूरा करने के निर्देश जारी किए।
सोसायटी को फूड कोर्ट विकसित करने की सलाह देने के अलावा स्थानीय क्त्रसफा बाजार व लाइट एंड साउंड शो, लेजर शो का प्रबंध करने के लिए भी कहा ताकि पर्यटकों को मुबारकमंडी की तरफ आकर्षित किया जा सकें।
उन्होंने कहा आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के अंतर्गत मंडलायुक्तों को निर्देश दिया गया कि वह 75 पर्यटन स्थलों का तीव्र विकास करें। उन्होंने पर्यटन विभाग को जम्मू, श्रीनगर, पहलगाम, अनंतनाग, सलामाबाद, उड़ी, कारगिल और लेह सर्किट का स्वदेश दर्शन योजना के तहत विकास करने के लिए कहा।
बनी, बसोहली, सरथल, भद्रवाह, डोडा, किश्तवाड़ को टूरिस्ट सर्किट बनाए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अगलार, जबलीपोरा और नरवाल में फल और सब्जी मंडियो को विकसित करने का काम भी तेजी से पूरा करने के लिए कहा।