जम्मू। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के बीच प्रदेश भर में अमृत महोत्सव के तहत सप्ताह भर जश्न के कार्यक्रम होंगे। शाह का दौरा 23 से 25 अक्तूबर तक प्रस्तावित है। प्रदेश सरकार ने 23 से 29 अक्तूबर तक प्रदेश में बड़े स्तर पर सांस्कृतिक व अन्य रंगारंग कार्यक्रम करवाने की तैयारी कर ली है। जम्मू में 28 को बालीवुड नाइट, 23 को श्रीनगर में हाउस बोट महोत्सव का आयोजन होगा।
आजादी के अमृत महोत्सव के प्रतिष्ठित समारोह के सरकारी कैलेंडर के अनुसार 23 अक्तूबर को जम्मू में सभी पार्कों व विरासती इमारतों में दीपमाला की जाएगी। इसके अलावा जनरल जोरावर सिंह सभागार में सांस्कृतिक महोत्सव के अलावा सतवारी से कला केंद्र तक सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी। रघुनाथ बाजार में भजन संध्या और अमर महल में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
वहीं कश्मीर में 23 अक्तूबर को एसकेआईसीसी में सूफी महोत्सव का आयोजन होगा। डल झील में हाउस बोट सांस्कृतिक महोत्सव होगा। शाम को डल झील के किनारे राष्ट्रीय स्तर के कलाकार कार्यक्रम पेश करेंगे। डल, नागीन और झेलम झीलों में हाउस बोट व शिकारों को सजाया जाएगा और दीपमाला होगी। 24 अक्तूबर को जम्मू में हिमालयन बाइक रैली निकाली जाएगी, करवाचौथ पर्व समारोह का आयोजन अखनूर के जिया पोता घाटा पर होगा और संध्या आरती भी होगी। 25 अक्तूबर को पर्यटन विभाग की तरफ से रियासी के भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन कटड़ा स्टेडियम में भजन संध्या का आयोजन होगा। सुकराला माता, कोल कंडोली माता, चीची माता और महामाया में माता का जागरण आयोजित होगा।
26 अक्तूबर को रणजीत सागर बसोहली में वाटर स्पोर्ट्स फेस्टीवल का आयोजन होगा। इसी दिन मानसर, सरुईंसर, सनासर झील, अटल सेतु पुल में दीप माला होगी। अभिनव थियेटर में शाम ए गजल का आयोजन होगा।
27 अक्तूबर को जम्मू में केबल कार राइड के अलावा रघुनाथ मंदिर, रणबीरेश्वर मंदिर, राम मंदिर, बलराम मंदिर, गदादर मंदिर, पीरखो मंदिर, पंजबख्तर मंदिर, पुरमंडल व उत्तरवाहिनी में कार्यक्रम होंगे। बाग ए बाहु और बाहु फोर्ट में लेजर शो का आयोजन होगा।
28 अक्तूबर को गुलशन ग्राउंड जम्मू में बालीवुड नाइट का आयोजन होगा। बलिदान स्तंभ पर बैंड डिस्प्ले समारोह होगा। पटनीटॉप में भी कार्यक्रम होगा। 29 अक्तूबर को जम्मू के गोल्फ कोर्स में महिलाओं की प्रतियोगिता होगी। मुबारकमंडी में सांस्कृतिक समारोह होगा। महाराजा हरि सिंह पार्क में स्थानीय व्यंजन महोत्सव का आयोजन होगा। जम्मू शहर के सभी चार पुलों में दीपमाला की जाएगी।