परीक्षा देकर लौट रहीं अभ्यर्थी
- फोटो : संजय कुमार
समाज कल्याण विभाग में सुपरवाइजर के 201 पदों के लिए भर्ती परीक्षा रविवार को हुई। जम्मू और कश्मीर संभाग के सभी जिलों में इसके लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए। करीब 1.42 लाख से अधिक महिला उम्मीदवार ने परीक्षा के लिए आवेदन किया। परीक्षा खत्म होने के बाद उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड साथ नहीं ले जा सके, उन्हें परीक्षा निरीक्षक के पास उसे जमा करवा दिया गया।
जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा भर्ती परीक्षा करवाई गई। इसके 400 के करीब परीक्षा केंद्र बनाए गए। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निरीक्षक भी नियुक्त किए गए। इस परीक्षा के लिए जम्मू जिले में 50 परीक्षा केंद्र बनाए, जिनमें 24 हजार उम्मीदवारों के बैठने की व्यवस्था की गई।
जम्मू जिला प्रशासन ने परीक्षा में सफल आयोजन के लिए सभी हितधारक व विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। इसमें परिवहन सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था आदि शामिल रहे। बता दें कि जेकेएसएसबी ने दिसंबर 2023 में सुपरवाइजर के पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की थी। 14 जनवरी तक उम्मीदवारों से आवेदन लिए गए थे।
आवेदन प्रक्रिया खत्म होने के पांच महीने बाद अब जेकेएसएसबी इन पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा करवाई गई। सभी जिलों में जेकेएसएसबी ने प्रशासन के सहयोग छह हजार कर्मचारियों को परीक्षा के लिए तैनात किया। परीक्षा नियंत्रक रयाज मलिक ने कहा कि किसी उम्मीदवार की जगह अन्य कोई परीक्षा में न बैठे, इसके लिए एडमिट कार्ड जमा करवाने की पहल इस बार की गई है। इस एडमिट कार्ड में लगे क्यआर कोड का मिलाप उम्मीदवार ओएमआर शीट के साथ किया जाएगा।