मंगलवार को पूर्व सांसद एवं डोगरा स्वाभिमान संगठन के संस्थापक चौधरी लाल सिंह के कठुआ स्थित आवास सहित आठ जगहों पर प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने छापेमारी की। सुबह 8 बजे पहुंची टीम ने पूर्व सांसद के घर के अंदर दाखिल होकर अंदर से दरवाजे बंद कर लिए और किसी के अंदर या बाहर आने-जाने पर पाबंदी लगा दी। वहीं, चौधरी लाल सिंह के घर हुई छापेमारी की खबर मिलने पर उनके चौधरी लाल सिंह के घर के बाहर जमा हो गए और केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करने के आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
बड़ी देर तक समर्थक केंद्र सरकार, ईडी और सीबीआई के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। समर्थकों ने कहा कि केंद्र सरकार हर उस संगठन या व्यक्ति को दबाना चाहती है, जिसने केंद्र सरकार का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि चौधरी लाल सिंह जननेता हैं और हमेशा लोगों के हित के लिए केंंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हैं। कहा कि सरकार चाहती है कि कोई भी सरकार के खिलाफ न बोल पाए। इसी कारण प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी का खौफ दिखाकर चौधरी लाल सिंह को बिना वजह परेशान किया जा रहा है।
इस दौरान चौधरी लाल सिंह के समर्थकों ने गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए उनके घर के मेन गेट पर अपनी गाड़ियां खड़ी कर दीं। इसके अलावा वह खुद भी गेट पर डटे रहे। समर्थक जगबीर सिंह ने कहा कि सभी समर्थकों ने फैसला किया है कि ईडी आई तो अपनी मर्जी से हैं लेकिन वह अपनी मर्जी से जा नहीं सकते। कहा कि ईडी का कोई अधिकारी अपनी टांगों पर चलकर नहीं जा सकता। कहा कि यहां से न तो कोई ईडी वाला जाएगा और न ही उनकी गाड़ियां। ताकि, दूसरी बार जांच के नाम पर डोगरा स्वाभिमान संगठन के किसी सदस्य को परेशान नहीं कर सकेंगे।
ईडी टीम के रवाना होने के बाद चौधरी लाल सिंह ने अपने आवास स्थित कार्यालय में समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह लोग पिछले एक साल से मेरे पीछे लगे हुए थे। उन्होंने कहा यह मेरी अकेले की नहीं लोगों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि अगर यह जंग जीतनी है तो उसके लिए सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठित होकर लंबा संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ईडी वालों की ड्यूटी लगी है कि जैसे मर्जी चौधरी लाल सिंह को परेशान करना है। उन्होंने कहा कि लगातार 13 घंटे दौरान उन्होंने कई सवाल जवाब किया।
उन्होंने कहा कि ईडी की टीम ने घर का हर कोना खंगाला, लेकिन कुछ भी संदिग्ध उन्हें नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ना तो मेरे पास पावर है और ना ही मेरे पास पुलिस। लेकिन हमारे पास लोग हैं। जिनके दम पर यह यह जंग केवल लड़ी नहीं बल्कि जीती भी जाएगी। उन्होंने कहा कि रविवार को दोपहर 11:00 बजे सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी यहीं एक बार दोबारा इकट्ठे होंगे और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।