आओ स्कूल चले अभियान में डेढ़ लाख छात्रों का हुआ दाखिला
जम्मू-कश्मीर में सरकारी स्कूली के प्रति बच्चों और अभिभावकों का रुझान बढ़ रहा है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में आओ स्कूल चले अभियान के तहत शीतकालीन सत्र में 1.50 लाख बच्चों ने दाखिला लिया है। सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने विशेष आवश्यकता वाले पात्र बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) को अनुरक्षण भत्ता, पाठक भत्ता और लड़कियों को छात्रवृत्ति के रूप में डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में 165.09 लाख रुपये हस्तांतरित किए हैं। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा (समावेशी शिक्षा) को आगे बढ़ाने की अनुमति देता है, जिसके तहत सरकार काम कर रही है।
सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि आओ स्कूल चले अभियान में 3 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की प्री-स्कूलिंग को मजबूत करने पर जोर दिया गया और स्कूल छोड़ने वाले का पुन: नामांकन कराया गया। स्कूल छोड़ चुके बच्चों की तलाश के लिए सरकार ने तलाश एप भी शुरू किया है। शिक्षा विभाग जल्द ही ‘स्टूडेंट्स मेंटरशिप’ स्टूडेंट टीचर एंगेजमेंट फॉर एजुकेशनल रीइन्फोर्समेंट (एसटीईईआर) प्रोग्राम शुरू करेगा। इस पहल के तहत प्राथमिक विद्यालय के प्रत्येक दस छात्रों के लिए एक शिक्षक सलाहकार की भूमिका निभाएगा। सरकार जम्मू-कश्मीर की साक्षरता दर को सुव्यवस्थित करने, स्कूली शिक्षा में सामाजिक और लैंगिक अंतर को पाटने के लिए व्यापक उपाय कर रही है।