दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग क्षेत्र के उतरुसू जंगल से लापता टेरिटोरियल आर्मी (टीए) जवान हिलाल अहमद भट का शव बरामद कर लिया गया है। यह शव आज सुबह पुलिस और सेना द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान मिला। जहां हिलाल अहमद भट का अपहरण आतंकियों ने किया था, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। जवान के लापता होने की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने तत्काल कार्रवाई की और जंगल में खोज अभियान शुरू किया।
इससे पहले, चिनार कॉर्प्स ने एक पोस्ट में कहा था कि एक खुफिया इनपुट के आधार पर, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 8 अक्तूबर को काजवान वन क्षेत्र में एक संयुक्त आतंकवाद-रोधी ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन रात भर जारी रहा, क्योंकि एक टेरिटोरियल आर्मी का जवान लापता हो गया था। सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन के दौरान जंगल में लापता जवान की तलाश में जुटे रहे। उन्हें गहनता से तलाश किया गया और जवान का शव बरामद हुआ। अधिकारियों ने कहा कि शव को आवश्यक प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
हालांकि, जवान की मौत के कारणों की जांच जारी है। पुलिस ने इस मामले में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जवान कैसे लापता हुआ और उसकी मौत के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं। जवान की मौत की सूचना से स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग और प्रशासन दोनों ही जवान के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
सुरक्षा बलों के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, यह दुखद घटना है, और हम जवान के परिवार के साथ खड़े हैं। हमारी प्राथमिकता मामले की पूरी जांच करना है ताकि इस घटना की सही जानकारी प्राप्त की जा सके। हिलाल अहमद भट के योगदान और बलिदान को याद करते हुए, स्थानीय समुदाय ने उनकी वीरता को सलाम किया है। जवान की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जो उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने आए।