कोरोना की दूसरी लहर ने प्रदेश में पर्यटन पर असर डालना शुरू कर दिया है। पिछले एक महीने में ही सड़क मार्ग से प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में 30 फीसदी तक गिरावट आ गई है। रोजाना लखनपुर कॉरिडोर पर सात से आठ हजार लोगों की कोरोना जांच की जा रही थी, वहीं अब यह आंकड़ा गिरकर चार से पांच हजार जांच तक सीमित हो गया है।
हालांकि, लखनपुर में टेस्टिंग काउंटर बढ़ाकर सैंपल जांच क्षमता बढ़ाकर 10 हजार की गई है। नोडल अधिकारी डॉ. संदीप रैना ने बताया कि वर्तमान में रोजाना चार से पांच हजार लोगों की जांच लखनपुर कॉरिडोर पर की जा रही है। पहले यह आंकड़ा सात से आठ हजार के बीच था।
यह भी पढ़ें- जम्मू में मेटाडोर और अन्य यात्री वाहन सड़कों से गायब, मेटाडोर संचालकों ने की हड़ताल
लेकिन कोरोना की लहर तेज होने के साथ ही तीस फीसदी तक लोगों की प्रदेश में आमद में कमी आई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 20 कोरोना जांच काउंटर सक्रिय हैं। ट्रकों के चालकों और सह चालकों की जांच को बढ़ाने के लिए चार नए काउंटर अगले दो दिन में स्थापित कर दिए जाएंगे।