जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी ने शहर जम्मू में बिजली के अघोषित कट के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि पीडीडी विभाग की तरफ से बिल तो समय पर लोगों को दे दिए जाते हैं, लेकिन बिजली नहीं दी जा रही है।
शहर जम्मू में बढ़ती गर्मी के साथ ही लोगों को बिजली की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसी को लेकर मंगलवार को जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी ने पीडीडी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी ने इस दौरान विभाग के चीफ इंजीनियर के कार्यालय के बाहर धरना देते हुए जोरदार नारेबाजी की। पार्टी का कहना है कि बिजली के अघोषित कट से लोगों का विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र शासित प्रदेश सरकार लोगों को बुनियादी सुविधाएं देने विफल साबित हो रही है।
विज्ञापन
अपनी पार्टी के नेताओं ने कहा कि मार्च महीने से एक से दो घंटे की अघोषित कटौती का दौर अब दिन में 12 से 16 घंटे की बिजली कटौती तक पहुंच गया है। हालात यह हैं कि दिन के बाद अब रात के समय भी बिजली की अघोषित कटौती शुरू हो गई है। ऐसा करके सरकार ने लोगों की नींद भी छीन ली है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पीडीडी विभाग की तरफ से बिल तो समय पर लोगों को दे दिए जाते हैं, लेकिन बिजली नहीं दी जा रही है। जम्मू कश्मीर में बिजली पानी से तैयार की जा रही है। यहां की बिजली को बाहरी राज्यों में भी भेजा जाता है, लेकिन प्रदेश के नागरिकों को ही इससे वंचित रखा जा रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि अधिकांश इलाकों में इनवर्टर ने भी जवाब दे दिया है, तो वहीं कई इलाकों में पंपिंग न होने से पेयजल संकट भी बढ़ता जा रहा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि गर्मी के सीजन के पहले महीने में शहर के लोग भी पेयजल संकट से बुरी तरह से जूझ रहे हैं। ऐसे में सरकार को चाहिए कि बिजली की सप्लाई को दुरुस्त किया जाए।