लाल सिंह के समर्थन में पहुंचे परिजन और अन्य समर्थक
- फोटो : संवाद
जम्मू शहर के नरवाल स्थित प्रवर्तन कार्यालय (ईडी) में शनिवार को पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह से पूछताछ के दौरान समर्थक सुबह से लेकर रात तक डटे रहे। उन्होंने ढोलकी बजाकर और डोगरा स्वाभिमान के ध्वज के साथ भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समर्थकों ने आरोप लगाए कि भाजपा सरकार विपक्ष को दबाने के लिए ईडी जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। समर्थकों ने कार्यालय के ठीक सामने धरना दिया जिसमें जम्मू के अलावा कटड़ा, कठुआ से भी लोग पहुंचे थे। कई महिला समर्थक रात तक धरने में डटी रहीं।
चौधरी लाल सिंह को सुबह प्रवर्तन निदेशालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उनके कार्यालय में पहुंचने पर समर्थकों का भी प्रवर्तन कार्यालय के बाहर जुटना शुरू हो गया था। कई समर्थक कार्यालय की सीढ़ियो और कई सामने धरने पर बैठ गए। इस बीच एक ढोलकी मंगवा ली गई, जिसे बजाकर भाजपा सरकार का विरोध किया गया।
शाम के बाद धरनास्थल पर अंधेरा पसर गया था, लेकिन समर्थक पीछे नहीं हटे। लगभग 150 समर्थक लाल सिंह के समर्थन में पहुंचे थे। धरने के साथ ही लाल सिंह की पत्नी कांता अंडोत्रा, उनके दो बेटे और अन्य करीबी भी मौजूद रहे। समर्थकों ने जो सरकार ईडी भेजे, वह नकम्मी है और जो सरकार नकम्मी है वह सरकार बदलनी है के नारे लगाए।
भीड़ को देखते हुए प्रवर्तन कार्यालय के मुख्य द्वार और बाहर पुलिस कर्मियों के साथ अन्य सुरक्षा बल तैनात किए गए। किसी अंजान को भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। पूछताछ की प्रक्रिया में रात तक कार्यालय का स्टाफ भी मौजूद रहा।