जम्मू संभाग के सांबा जिले में सोमवार को दो संदिग्ध देखे गए। जिनकी तलाश में हाईवे से सटे इलाके में पुलिस और सेना की संयुक्त टीम तलाशी अभियान चला रही है। इसके साथ ही अखनूर में भी दो संदिग्ध देखे जाने की सूचना है। उधर, सीमा पार से होने वाली किसी भी नापाक हरकत को नाकाम करने के लिए बॉर्डर क्षेत्र के सुरक्षा ग्रिड को बेहद मजबूत किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किसी भी तरह का खलल नहीं पड़ने दिया जाएगा।
विज्ञापन
सीमावर्ती क्षेत्र आरएस पुरा दौरे पर पहुंचे एसएसपी जम्मू चंदन कोहली ने कहा कि ड्रोन से लेकर जमीन से किसी भी संदिग्ध हरकत को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी ने सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद कहा कि जांच नाके बढ़ाए गए हैं। रात को पेट्रोलिंग की जा रही है। किसी भी पर संदेह होने पर पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि ड्रोन से घुसपैठ एक नई चुनौती है, लेकिन सुरक्षा अमले ने इस चुनौती से निपटने के लिए पूरी तैयार की है। कई ड्रोन मार गिराए गए हैं, जबकि हथियारों और ड्रग्स की तस्करी के प्रयास विफल किए गए हैं।