जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले में पार्षद आकिब रेंजू शाह के आवास पर आतंकियों ने फायरिंग कर दी। सूत्रों के मुताबिक दो आतंकी बाइक पर आए थे और उन्होंने पार्षद के घर पर फायरिंग की और भाग गए। इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को भी बढ़ा दिया गया है। हालांकि अभी तक इस आतंकी हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग एआरटीओ कार्यालय के अधिकारियों पर रिश्वत लेने का आरोप, आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के चंदाजी इलाके में मंगलवार को हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष आतंकवादी बाबर अली मारा गया था। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में मारा गया आतंकी 24 जुलाई को शोकबाबा जंगल में मारे गए आतंकियों के समूह का हिस्सा था। जिसकी पहचान पाकिस्तान के बाबर अली के रूप में हुई। आईजीपी ने कहा कि शोकबाबा मुठभेड़ से भागने के बाद, उसे लगातार ट्रैक किया जा रहा था। गौरतलब है कि 24 जुलाई को बांदीपोरा में आतंकी सारिक अल्ताफ बाबा सहित लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए थे।
बता दें कि पुलिस को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। जिसके आधार पर पुलिस, सेना की 26-असम राइफल्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के साथ ही सुरक्षाबलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने का मौका भी दियाा, जिसे आतंकियों ने ठुकरा दिया। इसके कुछ ही देर बाद एक आतंकी मारा गया। इलाके में अभी तलाशी अभियान जारी है।