खेल ढांचे को बढ़ावा देने का डिंढोरा पीटने वाली प्रदेश सरकार जम्मू और श्रीनगर में खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं नहीं दे पा रही है। जम्मू शहर के एमए स्टेडियम के इंडोर हॉल में बिजली गुल होते ही खेल गतिविधियां ठप पड़ जाती हैं। यहां वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से खिलाड़ियों को अभ्यास बंद करना पड़ता है।
इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन, जूडो, टेबल टेनिस, जिम और अन्य खेलें करवाई जाती हैं। कोविड के बाद इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ी अभ्यास करने पहुंच रहे हैं। बरसात में बिजली कटौती बढ़ गई है। ऐसे में लाइट जाते ही खिलाड़ी अभ्यास बंद कर लाइट आने का इंतजार करते हैं, क्योंकि स्पोर्ट्स काउंसिल ने इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं रखी है।
इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन का अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने कहा कि मंगलवार को खेलते-खेलते बिजली चली जाती है, जिससे प्रेक्टिस प्रभावित होती है। इंडोर हॉल में हवा आने का कोई स्रोत नहीं है, जिससे गर्मी से पीसने छूटने लगते हैं।
स्पोर्ट्स काउंसिल कहती है खिलाड़ियों को सुविधाएं दी जा रही है, लेकिन यहां लाइट की वैकल्पिक व्यवस्था तक नहीं है। एम स्टेडियम में प्रतिदिन दो शिफ्ट में 100 के करीब खिलाड़ी प्रशिक्षण लेने आते हैं। काउंसिल के कर्मचारी ने कहा कि कई बार उच्च अधिकारियों को इस समस्याएं से अवगत करवाया है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में कोरोना: 1.4 आरनाट ने बढ़ाई चिंता, नए वेरियंट मचा सकते हैं तबाही
जल्द लगेगा जेनरेटर सेट
एमए स्टेडियम के इंडोर प्रभारी सतीश गुप्ता ने कहा कि जल्द ही विभिन्न खेलों के लिए बिजली का बैकअप सिस्टम शुरू किया जा रहा है। इसके लिए प्लेटफार्म बनाया गया है, जिस पर नया जेनरेटर लगाया जा रहा है। भविष्य में इस व्यवस्था से खिलाड़ियों को राहत मिलेगी।