स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में 1202 पद भरने के लिए जारी सीबीटी परीक्षा के दूसरे दिन सर्वर खराब होने से पहले बैच की परीक्षा स्थगित कर दी गई। ग्रैटर कैलाश में जेकेआईटीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलोजी में बने परीक्षा केंद्र में बुधवार को 167 उम्मीदवारों ने परीक्षा देनी थी, लेकिन बीच परीक्षा में सर्वर ठप होने से वह परीक्षा नहीं दे सके। अब यह परीक्षा 25 अगस्त को दोपहर 12.30 से 2.30 तक होगी। इसका केंद्र मक्का मस्जिद बठिंडी स्थित ईएसएचएएल ऑनलाइन सर्विसेज में बनेगा। उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड दोबारा डाउनलोड करना होगा।
परीक्षा में पहले बैच का पेपर 9 से 11 बजे तक होना था। परीक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद ही सर्वर ठप हो गया। दो घंटे की परीक्षा सिर्फ 50 मिनट ही हो पाई। इस अव्यवस्था को लेकर उम्मीदवारों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद परीक्षा नियंत्रक जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड और एडीसी जम्मू मौके पर पहुंचे और उम्मीदवारों को समझाया। सर्वर ठप होने पर उम्मीदवारों ने प्रदर्शन कर बोर्ड पर भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
उम्मीदवारों ने कहा कि बोर्ड ने केंद्र में क्षमता से अधिक उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए बुलाया था। परीक्षा केंद्र में बैठने का स्थान नहीं था। कुछ उम्मीदवारों की परीक्षा हो रही है तो कुछ बैठने का इंतजार कर रहे थे। परीक्षा के बीच सर्वर ठप होना जेकेएसएसबी तैयारियों की पोल खोलता है। इस अव्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने पर बोर्ड के अधिकारी हम पर एफआईआर लगाने की धमकी दे रहे हैं।
सीबीटी परीक्षा के दौरान तकनीकी खराबी आई थी, जिससे परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकी। पहले बैच की परीक्षा को पोस्टपोन किया है। अब इस बैच की परीक्षा 25 अगस्त को दूसरी शिफ्ट में होगी।
-अशोक कुमार, परीक्षा नियंत्रक जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड